रेवाड़ी। गांव ढोकिया में बिजली चोरी पकड़ने के लिए गई निगम की टीम के साथ एक परिवार के लोगों ने अभद्रता व हाथापाई की। इतना ही नहीं टीम के सदस्यों को धक्के मारकर घर से बाहर निकाल दिया। जाटूसाना पुलिस ने बिजली निगम के अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दक्षिण हरियाणा बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता महेश अत्री ने पुलिस को दी शिकायत पर बताया कि 30 नवंबर की सुबह वह टीम के साथ गांव ढोकिया में बिजली चोरी पकड़ने गए थे। वे गांव निवासी कुलवंत सिंह के घर पहुंचे तो उनके बेटे मनोज ने दरवाजा खोला। परिचय देने के बाद वह घर में पहुंचे तो देखा कि मीटर की तार हटा रखी थी और रोशनदान से तार डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। उन्होंने रोशनदान से तार डालकर बिजली चोरी करने के बारे में पूछा तो मनोज व कुलवंत ने गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। बिजली निगम कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। कनिष्ठ अभियंता महेश अत्री की शिकायत पर जाटूसाना थाना पुलिस ने अब मामला दर्ज कर मनोज व कुलवंत के खिलाफ अभद्रता व हाथापाई करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।