धारूहेड़ा। क्षेत्र के 33 केवी खरखड़ा पावर हाउस में सोमवार सुबह आई तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही। दोपहर बाद तक विद्युत आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली नहीं आने से ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ धारूहेड़ा की कई कॉलोनियों में लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा। पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य, व्यापारिक गतिविधियां और किसानों के कृषि कार्य भी बिजली बाधित रहने से प्रभावित हुए।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई महीनों से क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती, बार-बार आने वाली तकनीकी खराबियों और लो-वोल्टेज की समस्या लगातार बढ़ रही है। शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं हो रहा है।
33 केवी खरखड़ा पावर हाउस से जुड़े नंदरामपुर बास, भटसाना, ततारपुर खालसा, खरखड़ा, राजपुरा आलमगीरपुर, खटावली सहित राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र और धारूहेड़ा की कई कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि पावर हाउस की तकनीकी खामियों का स्थायी समाधान किया जाए, पर्याप्त स्टाफ और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा बार-बार होने वाली बिजली कटौती पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।