विपुल गार्डन कट पर बने गड्ढे से परेशान लोग। संवाद
धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धारूहेड़ा स्थित विपुल गार्डन के सामने बने कट पर बना गहरा गड्ढा वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना है। गड्ढे के कारण आए दिन वाहन चालक हादसे का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं।
बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क पर जलभराव होने के कारण गड्ढा पानी के अंदर छिप जाता है और वाहन चालकों को इसकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। अचानक गड्ढे में वाहन के गिरने से दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिर जाते हैं, जबकि कार और अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
गड्ढे की वजह से वाहन चालकों को शारीरिक चोट के साथ-साथ वाहनों की मरम्मत पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह का गहरा गड्ढा गंभीर हादसे का कारण बन सकता है।
लोगों ने संबंधित विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मांग की है कि गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।