संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। स्नातकोत्तर महाविद्यालयों में पीजी की रिक्त सीट पर दाखिले के लिए फिर पोर्टल खोला गया है। 12 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर रिक्त सीट पर दाखिला लिया जा सकता है।
स्नातकोत्तर में रिक्त सीट भरने के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने दोबारा पोर्टल खोला है। पोर्टल पर 12 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद कॉलेज के पास सूचना आ जाएगी और विद्यार्थी का नाम वेटिंग लिस्ट में चला जाएगा। इसके बाद जिस दिन कॉलेज में फिजिकल काउंसिलिंग होगी, उसी दिन विद्यार्थी को दस्तावेजों के साथ कॉलेज में पहुंचना होगा। जो विद्यार्थी कॉलेज में मौके पर पहुंचेंगे, मेरिट लिस्ट लगेगी और विद्यार्थी को फीस जमा करवा कर दाखिला सुनिश्चित करना होगा।
विद्यार्थियों की सहायता के लिए कॉलेज में हेल्प डेस्क बनाए गए हैं ताकि विद्यार्थियों को कोई परेशानी न हो। जिले में 6 सरकारी कॉलेज सहित 3 एडेड कॉलेजों में लगभग 580 सीट हैं, जिसमें से अभी भी 15 प्रतिशत सीट रिक्त है। पीजी कोर्स में एक अगस्त से लेकर छह अगस्त तक पहली मेरिट लिस्ट व उसके बाद खाली बची सीटों पर 8 अगस्त से दाखिला प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद भी विभिन्न कॉलेजों में सभी सीट नहीं भर पाई है। ऐसे में कॉलेजों की मांग पर उच्चतर शिक्षा विभाग ने फिर से एक सप्ताह के लिए पोर्टल खोल दिया है।
महाविद्यालयों में सीट की संख्या
राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-18 में एमकॉम-60 सीट, एमएससी भूगोल-40 सीट, राजकीय महाविद्यालय बावल में एमए संस्कृत-40 सीट, राजकीय महाविद्यालय पाली में एमसीए- 40 सीट, राजकीय महाविद्यालय कोसली में एमएससी गणित- 40 सीट, राजकीय महाविद्यालय गुरावड़ा में एमए राजनीति विज्ञान 40 सीट, अहीर कॉलेज रेवाड़ी में एमकॉम-40 सीट, केएलपी महाविद्यालय रेवाड़ी में एमकॉम-40 सीट, एमएससी भूगोल-40 व आरडीएस महाविद्यालय रेवाड़ी में एमए हिंदी-40, एमए राजनीति विज्ञान-40, एमकॉम-40 और एमए इतिहास 40 सीट हैं।
-
वर्जन:
उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से पीजी कोर्स में दाखिले को लेकर दोबारा से पोर्टल खोला गया है। विद्यार्थी 12 सितंबर तक दाखिले के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। फिजिकल काउंसिलिंग के तहत खाली सीटों पर दाखिले होंगे।- डॉ. विवेक कुमार, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय कोसली।