रेवाड़ी। शहर के आरडीएस महिला महाविद्यालय के सात दिवसीय शिविर में शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवा योजना इकाई ने रैली निकालकर पाॅलिथीन मुक्त भारत का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्यातिथि ब्रांड एंबेसडर और एक कदम मानवता की ओर संस्था की संस्थापक प्रियंका यादव ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कहा कि पाॅलिथीन पर्यावरण के लिए बहुत हानिकारक है। अगर इनकी समय रहते नहीं रोका गया तो वो दिन दूर नहीं जब शहर भी पाॅलिथीन के पहाड़ में तब्दील हो जाएगा।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि हर बेटी स्वयं में सशक्त है, बस जरूरत है शक्ति को पहचान कर आगे बढ़ने की है। सबसे पहले बेटियों को आर्थिक रूप से सक्षम होने की आवश्यकता है। कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. पिंकी शर्मा ने बताया कि सभी स्वयंसेवक घर से कपड़े के थैले बनाकर लाए। जिन्हें ग्रामीणों को वितरित किया गया। छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक से नशाखोरी, आत्मनिर्भर भारत आदि विषयों के साथ ग्रामीणों को जागरूक किया। एनएसएस छात्रों का सर्वांगीण विकास कर उन्हें समाज से जोड़ता है। इस अवसर पर शिक्षिका प्रवीन, क्रांति, मिथलेश ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं दी। छात्राओं ने अपने अनुभव शेयर किए।