पूर्व मुख्यमंत्री ने किया प्रतिमा का अनावरण
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दिल्ली में कार्यकर्ताओं में हुई मारपीट में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के घायल होने के बाद विरोध झेल रहे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि दिल्ली में जो हुआ वह बिल्कुल गलत था। यह कार्यकर्ताओं की आपसी तकरार और अति उत्साह का परिणाम था। ऐसा नहीं होना चाहिए था। मेरा तंवर से कोई विवाद नहीं है।
बावल के रूध गांव में रस्म पगड़ी, श्रीचंद और दलपत सिंह की प्रतिमा के अनावरण के बाद पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनको दलित विरोधी के रूप में पेश करना गलत है। उनका विरोध करने वाले कांग्रेसी नहीं है। हिसार के कांग्रेस भवन में पोस्टर फाड़ने वाले भी कांग्रेसी नहीं थे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष तंवर पर हमले के बाद विरोधी खेमा इसे हुड्डा पर दलितों पर हमले के रूप में जोड़ रहा है।
स्वर्ण जयंती गौरव का विषय
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का स्वर्ण जयंती उत्सव मनाना गौरव का विषय है। इसमें सरकार के साथ हैं। हरियाणा के गठन की नींव तो 1921 में ही रखी गई थी। तब महात्मा गांधी कलानौर आए थे। इसमें हरियाणा रुलर कांग्रेस के बैनर तले कार्यक्रम हुआ था। आजादी के बाद से भी हरियाणा की मांग चलती रही थी। प्रदेश के गठन के समय बहुत पिछड़े थे लेकिन अब काफी सुधार आया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश का विकास का ढांचा बिगड़ गया है। पहले प्रदेश देशभर में विकास के क्षेत्र में नंबर एक पर था। आज यह खिसककर 16वें नंबर पर आ गया है।
इन पर दिया ध्यान
हुड्डा ने कहा कि उन्होंने 9 साल 243 दिन तक कार्यभार संभाला। इसमें उनका सर्वाधिक फोकस शिक्षा, बिजली, खेल और इंफ्रास्ट्रक्चर पर रहा। शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश ने नाम कमाया है। बिजली को लेकर उन्होंने अपने कार्यकाल में चार यूनिटें खुलवाई थीं। खेल में प्रदेश के खिलाड़ी विदेशों में नाम कमा रहे हैं। वहीं सड़कों की स्थिति उन्होंने काफी बेहतर की।
चढ़ते समय टूटा स्टेज
रूध में एक रागिनी का कार्यक्रम भी रखा गया था। पूर्व सीएम के स्टेज पर चढ़ते समय अधिक लोगों की संख्या होने से वह टूट गया। बाद में पूर्व सीएम ने स्टेज के किनारे से ही लोगों का अभिवादन किया।
--------------
मातम मना रही जनता
पूर्व मुख्यमंत्री के साथ आए पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने कहा कि जनता बीजेपी की सरकार मनाकर मातम मना रही है। वहीं सरकार स्वर्ण जयंती मना रही है। खट्टर सरकार जनता की कमाई के 17 करोड़ रुपये खर्च कर पीएम को खुश करने में लगी है।