थाना कोसली क्षेत्र में विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान जांच करती टीम। स्रोत : पीआरओ
कोसली। थाना कोसली पुलिस, डॉग स्क्वायड व कमांडो के जवानों ने संयुक्त रूप से वीरवार को धनिया टी पॉइंट, नया गांव मोड़, खेडी नांगल व भाकली बाईपास पर विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने यहां पर जाकर विभिन्न संदिग्ध स्थानों की जांच की। इस दौरान पुलिस टीम ने वहा पर रह रहे बाहरी श्रमिकों की भी जानकारी ली और उनके पहचान पत्र भी जांचे। अभियान के तहत पुलिस ने बाहरी लोगों की पहचान सुनिश्चित की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की। इसके साथ ही पुलिस ने वाहनों के कागजातों की भी जांच की।
कोसली थाना प्रबंधक निरीक्षक कश्मीर सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को काबू करने के लिए यह सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस की टीमें सर्च अभियान चलाकर संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रही है। इस दौरान पुलिस को किसी प्रकार की आपत्तिजनक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।
थाना प्रबंधक निरीक्षक कश्मीर सिंह ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर कोई नशीला पदार्थ बेचता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें, पुलिस तुरंत एक्शन लेगी। उन्होंने कहा कि यदि आपके आसपास कोई भी असामाजिक तत्व संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।