संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। गांव बहाला में 23 दिसंबर को खाद-बीज विक्रेता मोहन की गोली मारकर हत्या के मामले में गिरफ्तार जेबीएस एग्रो कंपनी के एमडी हिसार के मोहब्बतपुर निवासी जयप्रकाश उर्फ जयवीर से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने जेबीएस एग्रो कंपनी से पहले ही निकले दो कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया था। उनसे कंपनी से जुड़े विवादों और मोहन के साथ हुए लेन-देन को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कार पर सवार होकर गोली मारने आए दोनों युवक आखिर कहां से आए थे और उनकी पहचान क्या है। पुलिस को दोनों युवकों के बारे में काफी अहम सुराग मिल चुके हैं। इसके साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शूटरों को हत्या के लिए कितनी रकम दी गई थी।
जयप्रकाश उर्फ जावेद को कुल पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिसमें से मंगलवार को एक दिन की रिमांड पूरी हो चुकी है। अब शेष चार दिन की रिमांड के दौरान पुलिस अन्य आरोपियों तक पहुंचने और पूरे मामले का खुलासा करने की तैयारी में जुटी है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।