स्वच्छता अभियान के तहत सफाई करते पुलिस की टीम। स्रोत : पुलिस
- फोटो : बारिश के बीच गुजरते लोग।
रेवाड़ी। पुलिस ने जिलेभर में स्वच्छता अभियान के तहत सभी थानों, पुलिस चौकियों और पुलिस लाइन परिसर में पुलिसकर्मियों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की। यह अभियान न केवल कार्यस्थलों को स्वच्छ बनाने के लिए था बल्कि इसके माध्यम से श्रमदान और स्वच्छता के महत्व को भी उजागर किया गया।
इस अभियान में सभी थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पुलिस लाइन के मैदान, पार्क, कार्यालय भवनों के आसपास की जगह और सभी थानों व चौकियों में कचरा इकट्ठा कर उसे व्यवस्थित तरीके से निस्तारित किया गया। इस अभियान में महिला पुलिसकर्मियों ने भी भाग लिया और सफाई के कार्य में योगदान दिया।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि श्रमदान एक सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है जो हर व्यक्ति को निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस वातावरण में हम कार्य करते हैं और रहते हैं, उसकी स्वच्छता का हमारी मानसिक और शारीरिक सेहत पर सीधा प्रभाव पड़ता है। इसलिए स्वच्छता को केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने आगे बताया कि श्रमदान न केवल स्वच्छता और हरित पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाता है, बल्कि इससे सामाजिक एकता, सरलता और सेवा भावना का भी विकास होता है।