फोटो: 14रेवाड़ी। रामपुरा क्षेत्र में रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों की तलाश के लिए सर्च अ
रेवाड़ी। जिला पुलिस की ओर से बांग्लादेशी नागरिकों की तलाश में शनिवार को सर्च अभियान चलाया गया। स्पेशल सेल इंचार्ज निरीक्षक रविंद्र सिंह के नेतृत्व और पुलिस व स्वाॅट टीम के सहयोग से खोल व रामपुरा थाना क्षेत्र में अभियान चलाया गया।
अनाधिकृत रूप से रह रहे रोहिंग्या, बांग्लादेशी व अन्य विदेशी नागरिकों का पता लगाने के लिए ईंट भट्ठों सहित विभिन्न स्थानों पर झुग्गी-झोपड़ियों, होटल, पोल्ट्री फार्म और अन्य संदिग्ध ठिकानों की गहन जांच की गई। इस दौरान वहां रह रहे बाहरी श्रमिकों की जानकारी ली गई और उनके पहचान पत्रों की भी जांच की गई।
पुलिस टीम ने अभियान के तहत बाहरी लोगों की पहचान सुनिश्चित की और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। इसके साथ ही वाहनों के कागजातों की भी जांच की गई। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है। भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि जिले में अनाधिकृत रूप से किसी को भी रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती। बाहरी लोगों की पहचान सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अप्रवासी रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया अमल में लाएं।
एसपी ने लोगों ने अपील की है कि वे अपने यहां काम करने वाले या किराये पर रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं। ऐसा न करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।