रेवाड़ी। गांव जैनाबाद में 6-7 अगस्त की रात को हुई सीआरपीएफ के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर निहाल सिंह की हत्या के मामले में पुलिस की जांच अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। हत्या के बाद से ही शक की सुई परिवार और बेटे पर घूम रही है। परिवार का आरोप है कि पुलिस 17 अगस्त से ही बेटे अमित को बार-बार थाने में बुलाकर पूछताछ कर रही है।
घर से बदमाश जिस छोटे गेट का इस्तेमाल कर भागे बताए जा रहे हैं उस साइड प्लॉट में मिट्टी है। पुलिस को उस दिन वहां से किसी के जूतों के निशान नहीं मिले। मृतक की पत्नी ने बताया कि बदमाश घर के पिछले छोटे गेट से भागे लेकिन परिवार के किसी भी सदस्य ने उस गेट से बाहर निकलकर नहीं देखा। बेटा बाद में मुख्य गेट खोलकर बदमाशों का पीछा करने की बात कह रहा है।
बेटा बदमाशों का पीछा करने गया तो सास-बहू ने गेट खोलकर देखा जहां उनका शव पड़ा हुआ था। मां ने तुरंत बेटे अमित को फोन कर हत्या की सूचना दी। मां के फोन करने पर स्कूटी से घर पहुंचने में अमित को कुछ समय लग गया। वहीं मामले को लेकर परिजन बुधवार को कोसली विधायक से मिलने के लिए गए थे। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।