जरूरतमंदों को मिठाई व उपहार बांटते पुलिसकर्मी। स्रोत: प्रवक्ता
रेवाड़ी। दिवाली पर थाना कसौला पुलिस ने गरीब और बेसहारा बच्चों व बुजुर्गों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र की झुग्गी बस्तियों और जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बच्चों को मिठाइयां व उपहार वितरित किया। बुजुर्ग महिलाओं को मिठाई भेंट कर उनका सम्मान किया।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में की गई इस पहल से बच्चों के चेहरे खिल उठे। बुजुर्ग महिलाओं ने पुलिस टीम को आशीर्वाद दिया और इस आत्मीय व्यवहार की सराहना की। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और बेसहारा वर्ग को संबल देना भी है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत करना जरूरी है। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में भय और आम नागरिकों, विशेषकर कमजोर वर्ग में सुरक्षा व अपनेपन की भावना पैदा करना है। पुलिस की इस पहल की क्षेत्रवासियों और सामाजिक संस्थाओं ने सराहना की।