आम आदमी तो दूर बदमाश जिले में पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट कर हाईवा लूट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में बदमाशों में पुलिस के खौफ को आसानी से समझा जा सकता है। वीरवार की शाम को दिल्ली-जयपुर हाइवे स्थित गांव भूड़ला फ्लाईओवर से कुछ दूर आगे आरटीए स्टाफ में कार्यरत एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर गाड़ी में सवार होकर आए बदमाश ओवरलोड हाईवा को लूटकर फरार हो गए और पुलिस हाथ मलते रह गई। आरटीए स्टाफ की शिकायत पर कसौला थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आरटीए ने ओवरलोड मिलने पर हाईवा किया था इंपाउंड
जानकारी के अनुसार क्षेत्रिय परिवहन प्राधिकरण की टीम शनिवार शाम दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों की जांच कर रही थी। रेवाड़ी आरटीए की एक गाड़ी में एसआई नरेश कुमार, टीएसआई जसबीर, सिपाही सुनील व चालक नरेंद्र कुमार थे, जबकि दूसरी गाड़ी में आरटीओ बैठे हुए थे। इसी दौरान जयपुर की तरफ से एक ओवरलोड हाईवा आता हुआ दिखाई दिया। हाईवा ओवरलोड मिलने पर उसको इंपाउंड कर दिया। सिपाही सुनील हाईवा को लेकर पार्किंग में खड़ा करने जा रहा था, इसी दौरान पीछे से आई एक गाड़ी में सवार 5-6 बदमाशों ने हाईवा को रुकवा लिया और फिर सिपाही सुनील के साथ मारपीट करते हुए उसकी वर्दी फाड़ने की कोशिश की और हाईवा को धारूहेड़ा की तरफ लेकर फरार हो गए। सिपाही सुनील ने तुरंत अपने स्टाफ को सूचित किया। उसके बाद कसौला थाना पुलिस को सूचित किया गया। कसौला थाना पुलिस ने कैथल निवासी सिपाही सुनील की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।