रेवाड़ी। थाना जाटूसाना पुलिस ने कमांडो और डॉग स्क्वॉड के साथ बुधवार को जाटूसाना थाना क्षेत्र के गांव बेरली कलां, बेरली खुर्द व जाटूसाना में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पुलिस ने झुग्गी-झोपड़ियों की जांच की। साथ ही बाहरी श्रमिकों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर उनके परिचय पत्र की जांच की ।
पुलिस टीम ने वाहनों के कागजातों की भी जांच की। प्रबंधक थाना जाटूसाना सीमा कुमारी ने बताया कि सुरक्षा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को गिरफ्तार करने के लिए सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ मयंक गुप्ता के दिशा-निर्देश पर पुलिस की टीमें सर्च अभियान चला रही हैं। बुधवार को थाना जाटूसाना पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और कमांडो के साथ जाटूसाना थाना क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को किसी प्रकार की आपत्तिजनक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।
उन्होंने आम लोगों से कहा है कि अगर कोई नशीला पदार्थ बेचता मिले तो उसकी सूचना पुलिस को दें ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि यदि आपके आसपास कोई भी असामाजिक तत्व संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।