संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। थाना रोहड़ाई पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला भिवानी के गांव डांगकला निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है। इस मामले में 6 आरोपी पहले गिरफ्तार किए जा चुके है।
29 जनवरी को थाना रोहड़ाई की ईआरवी नंबर 0584 ने पाल्हावास चौक पर एक बाइक को रोक कर जांच की थी। चालक ने अपना नाम रामपाल निवासी गांव टुमना बताया लेकिन बाइक के कागजात नहीं दिखा सका। उसने बताया था कि यह बाइक उसने पटौदी निवासी जोगेश से ली थी। बाद में उसकी नंबर प्लेट चेंज कर दी थी। पुलिस ने जोगेश से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे यह बाइक गदाईपुर गुरुग्राम निवासी अपने दोस्त महेश से ली थी। महेश से पूछताछ के बाद उसने बताया था कि यह बाइक उसने जिला महेंद्रगढ़ के बसई निवासी गौरव से चलाने के लिए ली थी। पुलिस ने जांच में पाया गया कि बाइक चोरी का मामला थाना फरूखनगर गुरुग्राम में दर्ज है। पुलिस ने चोरी की बाइक को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना रोहड़ाई में मामला दर्ज किया। साथ ही 6 आरोपियों रामपाल, जोगेश, महेश कुमार, गौरव, अभिषेक व आकाश को गिरफ्तार कर लिया था। अब अन्य आरोपी विजय कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है।