रेवाड़ी। पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत चलाए गए अभियान में 10 आरोपियों को 646.71 ग्राम गांजा, एक ग्राम स्मैक, 50 पव्वे देसी शराब और जुआ-सट्टे में लगाई गई 5440 रुपये के साथ गिरफ्तार किया है।
एसपी कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार सीआईए धारूहेड़ा ने बावल क्षेत्र से 210 ग्राम गांजा के साथ अमित कुमार, सेक्टर-3 चौकी पुलिस ने 306.33 ग्राम गांजा के साथ रिजाऊल इस्लाम, शहर थाना पुलिस ने 28.38 ग्राम गांजा के साथ कार्तिक और सेक्टर-6 धारूहेड़ा थाना पुलिस ने एक ग्राम स्मैक सहित जितेंद्र को गिरफ्तार किया।
रामपुरा थाना पुलिस ने भी 102 ग्राम गांजा के साथ ब्रह्मदत्त को गिरफ्तार किया। गोकल गेट चौकी पुलिस ने सट्टा खाईवाली करते अमरजीत से 2350 रुपये, भाड़ावास गेट चौकी पुलिस ने राजू से 1,560 रुपये और जगन गेट चौकी पुलिस ने शिवम से 1530 रुपये बरामद किए।
गोकल गेट चौकी पुलिस ने मोहल्ला संघी का बास निवासी पंकज को 50 पव्वे देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया। जगन गेट चौकी पुलिस ने वर्ष 2020 के शस्त्र अधिनियम के मामले में लंबे समय से जमानत पर छूटे आरोपी राजन को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने लोगों से अवैध हथियार, नशा और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।