कांवड़ सेवा शिविरों में ठहरे कांवडिये। संवाद
रेवाड़ी। भगवान शिव के पवित्र सावन माह में शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। सावन के दूसरे सोमवार को शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक किया। मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का सिलसिला जारी रहा।
मंगलवार को शिवरात्रि के अवसर पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर कमेटियों की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंदिरों को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है।
कांवड़ियों को जलाभिषेक करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। मंदिरों के आसपास पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है, ताकि भीड़ के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनी रहे।
घर के नजदीक पहुंचे अधिकांश कांवड़िये
मंगलवार को शिवरात्रि के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न मंदिरों में कांवड़ और गंगाजल चढ़ाने वालों की भारी भीड़ रहने की संभावना है। कांवड़ लेने हरिद्वार गए अधिकांश शिवभक्त सोमवार देर शाम तक अपने गंतव्य के नजदीक पहुंच गए। कई कांवड़ियों को कांवड़ सेवा शिविरों में ठहराया गया है। मंगलवार सुबह कांवड़ चढ़ाने के बाद ही वे अपने घरों में प्रवेश करेंगे। वहीं, डाक कांवड़ियों के मंगलवार सुबह पहुंचने की संभावना है।
शहर के घंटेश्वर महादेव मंदिर में हरिद्वार से गंगाजल मंगाया गया है। श्रद्धालु मंदिर के बाहर से गंगाजल लेकर बाबा का जलाभिषेक कर सकेंगे। इसके अलावा घंटेश्वर मंदिर, सोलहराही स्थित शिव मंदिर और बारह पत्थर स्थित मंदिर में भी विशेष तैयारियां की गई हैं।