संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के सर्कुलर रोड पर कहीं स्ट्रीट लाइट के खंभे टूट कर गिरे हैं तो कहीं लाइट खराब है। इसके चलते इस रोड पर रात में कई स्थानों पर अंधेरा रहता है। इसके चलते दुर्घटना और आपराधिक घटना होने की आशंका बनी रहती है।
सर्कुलर रोड पर ब्रह्मगढ़ के समीप दो खंभे टूट कर गिरे हैं जिससे हादसा होने का भी खतरा बना हुआ है। ब्रह्मगढ़ से नाईवाली चौक तक कई स्ट्रीट लाइट पॉइंट खाली पड़े हैं। इस रोड से बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है।
स्ट्रीट लाइट खराब होने से इस मार्ग पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सर्कुलर रोड से लेकर दिल्ली रोड व सबसे पॉश कहे जाने वाले गढ़ी बोलनी, रोड नारनौल रोड तमाम ऐसे मुख्य रास्ते हैं, जहां रात के समय अधिकतर स्ट्रीट लाइट बंद रहती हैं।
नगर परिषद ने अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली स्ट्रीट लाइट की देखभाल की जिम्मेदारी ली हुई है। पीडब्ल्यूडी ने इन स्ट्रीट लाइट की देखभाल की जिम्मेदारी नगर परिषद को सौंपी थी।
नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट के खंभे काफी पुराने हो चुके हैं । जो खंभे खराब पड़े हैं और जो खराब होकर गिरे हुए हैं, उसे जल्द ठीक किया जाएगा।
रोहतक व अंबाला की तर्ज पर लोक निर्माण विभाग की ओर से 8 वर्ष पहले खंभे पर झूमर लाइट लगाई गईं थीं। इस पर करीब 67 लाख रुपये खर्च हुए थे। सर्कुलर रोड की अधिकतर लाइट रात बंद रहती है। समय रहते अगर देखरेख की जाती तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजा पत्र : विवेक
शहर निवासी विवेक भाटोटिया ने बताया कि पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास के कार्यकाल में सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। लाइट भी लगाई गई थी। उस समय पूरे हरियाणा में सिर्फ रेवाड़ी और फर्रूखनगर में सुल्तान लाइट लगवाईं गई थी। अब लाइट खराब होती जा रही हैं, जिस कारण रात में सर्कुलर रोड पर अंधेरा छाया रहता है। मुख्यमंत्री कार्यालय एवं शहरी निकाय मंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है।
स्ट्रीट लाइट के रखरखाव पर खर्च हो रहे 98.51 लाख
नगर परिषद की तरफ से लाइट की रखरखाव के लिए 98.51 लाख रुपये की राशि 2024-2025 में खर्च की जा रही है। वार्ड नंबर 1 से 31 और सेक्टर 1, 3, 4 की स्ट्रीट लाइट्स का संचालन, मरम्मत और रखरखाव का कार्य किया जा रहा है। मार्स हॉस्पिटल हनुमान मंदिर, बड़ा तालाब महाराणा प्रताप चौक से अनाज मंडी रोड, बावल रोड से गढ़ी बोलनी रोड, नेहरू पार्क से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी साथ ही पीडब्ल्यूडी द्वारा सौंपी गई दिल्ली रोड, हुडा बाईपास, कोनसीवास रोड, पटौदी रोड की लाइटों की भी मेंटनेंस शामिल हैं।
-
वर्जन
सर्कुलर रोड पर जहां स्ट्रीट लाइट के खंभे टूटकर गिरे हैं, वहां खंभे लगाए जाएंगे। खराब खंभों को दुरुस्त किया जाएगा। यह कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। -पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद रेवाड़ी।