गैस पाइपलाइन ठीक करता कर्मचारी। संवाद
रेवाड़ी। शहर के सर्कुलर रोड स्थित एक अस्पताल के सामने सोमवार को बिजली का पोल लगाते समय पीएनजी पाइपलाइन कटने से गैस रिसाव हो गया। इसकी जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। अस्पताल में मौजूद मरीज व उनके परिजन और आसपास के दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों से बाहर आ गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और पीएनजी कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और सप्लाई बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया।
बिजली निगम के कर्मचारी अस्पताल के सामने बिजली का पोल लगाने के लिए पहुंचे थे। पोल लगाने के लिए मशीन से गड्ढा खोदा जा रहा था। इसी दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। अस्पताल का पीएनजी कनेक्शन चालू होने के कारण पाइपलाइन से गैस का रिसाव शुरू हो गया।
गैस रिसाव होते ही आसपास के लोग चिंतित हो उठे। अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों ने सुरक्षा को देखते हुए बाहर निकलना शुरू कर दिया। आसपास के दुकानदार भी कुछ समय के लिए अपनी दुकानें छोड़कर दूर चले गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और पीएनजी कंपनी को दी गई।
सूचना मिलने के बाद सिटी थाना प्रभारी सूबे सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पीएनजी कंपनी के कर्मचारी और फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। कर्मचारियों ने अस्पताल की गैस सप्लाई बंद कर रिसाव को रोका। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
पीएनजी कंपनी की ओर से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को ठीक करने का काम शुरू कर दिया। पाइपलाइन की मरम्मत के बाद कनेक्शन दोबारा शुरू किया जाएगा। वहीं, गैस रिसाव के बाद बिजली निगम के कर्मचारी मौके पर खड़े गड्ढा खोदने वाले ट्रैक्टर को छोड़कर चले गए। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रैक्टर को भी वहां से हटा लिया गया।
हंस नगर धमाके के बाद पीएनजी को लेकर बढ़ी चिंता
5 जुलाई को हंस नगर में पूर्व फौजी सतबीर चौहान के घर हुए धमाके के बाद से पीएनजी को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। इस हादसे में सतबीर चौहान और उनकी बेटी तन्नू की मौत हो चुकी है। हालांकि, अभी तक धमाके के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। इस घटना के बाद शहर में पीएनजी सुरक्षा को लेकर लोगों में चर्चा बढ़ गई है।