बावल थाना पुलिस ने पिस्तौल दिखाकर ढाबा चालक से मारपीट कर पैसे छीनने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान झाबुआ निवासी सत्यवान उर्फ सत्ते के रूप में हुई।
झाबुआ निवासी शिकायतकर्ता योगेश ने पुलिस को दी शिकायत बताया था कि 28 अक्तूबर 2020 की रात को वह अपने ढाबे पर बैठा हुआ था। इसी दौरान एक सफेद रंग कार व बाइक पर कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर आए। आरोपी चरण सिंह व बबलू ने पिस्तौल दिखाकर मारपीट शुरू कर दी थी। आरोपियों ने उससे करीब 7 हजार रुपये की नकदी भी छीन ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को मामले में संलिप्त एक आरोपी सत्यवान उर्फ सत्ते को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी भी कब्जे में ले ली है।