रेवाड़ी। राव तुला राम स्टेडियम में सोमवार से अग्निवीर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह भर्ती प्रक्रिया 17 दिसंबर तक चलेगी। सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी के निदेशक कर्नल आनंद साकले ने बताया कि अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती के लिए रेवाड़ी सहित महेंद्रगढ़, चरखी दादरी और भिवानी जिले के ऑनलाइन परीक्षा पास अभ्यर्थियों को शारीरिक टेस्ट के लिए प्रवेशपत्र जारी कर दिए गए हैं। रिपोर्टिंग टाइम सुबह 4 बजे रहेगी, इसके बाद प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। युवाओं को अग्निवीर बनने के लिए 1600 मीटर या 1.6 किलोमीटर की दौड़ लगानी होगी। कम से कम छह और अधिकतम 10 चिनिंग अप करने होंगे, 9 फीट गड्ढे को पार करना होगा। इस दौरान अभ्यर्थियों को जिग जैग बैलेंस दिखाना होगा। जो युवा फिजिकल टेस्ट को पास करेंगे उन युवाओं का अगले दिन मेडिकल टेस्ट होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया है कि सेना में भर्ती निशुल्क हैं। यह प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी और काबिलियत पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि युवा दलालों से सावधान रहें।
उम्मीदवारों को अपने साथ लाने होंगे ये दस्तावेज
सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी भर्ती निदेशक कर्नल आनंद साकले ने बताया है कि अभ्यर्थी अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन 10वीं की मार्कशीट साथ में लेकर आएं और अग्निवीर सीएलके व एसकेटी और अग्निवीर टेक्निकल 10वीं और 12वीं की मार्कशीट लेकर आएं, मूल निवास स्थायी प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र केवल नायब तहसीलदार व तहसीलदार द्वारा ऑनलाइन जारी किया हुआ होना चाहिए। साथ में अभ्यर्थियों को एफिडेविट (भर्ती नोटिफिकेशन के अनुसार) 20 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो और अविवाहित होने का प्रमाणपत्र लाना होगा, जिन अभ्यर्थियों के पास टेक्निकल शिक्षा प्रमाणपत्र, एनसीसी और वैध खेलकूद प्रमाणपत्र हो तो उसे अपने साथ जरूर लेकर आएं। जिन उम्मीदवारों के पिताजी सेवानिवृत्त या सेवारत हैं, वे उम्मीदवार ‘रिलेशन शिप सर्टिफिकेट’ साथ लेकर भर्ती के लिए आएं। अभ्यर्थियों को रैली मैदान के भीतर किसी भी मोबाइल की अनुमति नहीं है। प्रत्येक दौड़ के प्रथम अभ्यर्थी को पुरस्कार दिया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे रैली के दौरान किसी नशा व दवा का प्रयोग न करें। संदिग्ध अभ्यर्थी की जांच के लिए राव तुलाराम परिसर में ड्रग टेस्टिंग लैब की स्थापना की गई है।
भर्ती की तिथि स्थान
4 दिसंबर : सतनाली, महेंद्रगढ़ व नारनौल
5 दिसंबर : अटेली व नांगल चौधरी
6 दिसंबर : चरखी दादरी, कनीना, बाढड़़ा, बौंदकलां
7 दिसंबर : तोशाम, सिवानी, दादरी, बाढड़़ा व बहल
8 दिसंबर : भिवानी व लौहारू
9 दिसंबर : बवानी खेड़ा, कोसली व बावल
11 दिसंबर : रेवाड़ी तहसील
12 दिसंबर : अग्निवीर क्लर्क व स्टोर कीपर, चरखी दादरी, भिवानी
13 दिसंबर : अग्निवीर क्लर्क व स्टोर, महेंद्रगढ़ व रेवाड़ी
14 दिसंबर : अग्निवीर टेक्निकल व अग्निवीर ट्रेड्समैन 8वीं और 10वीं महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, भिवानी
16 दिसंबर : हवलदार सर्वे ऑटो कार्टो अंबाला जोन