संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। कंवाली गांव स्थित राजकीय महाविद्यालय में इस शैक्षणिक सत्र से पीजीडीसीए (पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन) कोर्स फिर शुरू किया जाएगा। वर्ष 2010 में शिक्षकों की कमी के चलते यह कोर्स बंद कर दिया गया था। शिक्षकों की नियुक्ति के बाद यह कोर्स शुरू किया जा रहा है। इसमें दाखिले के लिए 28 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
कंवाली स्थित राजकीय महाविद्यालय के एडमिशन नोडल अधिकारी प्रो. कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि अब महाविद्यालय में अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब की सुविधा उपलब्ध है। योग्य शिक्षकों की नियुक्ति भी की जा चुकी है। ऐसे में इस सत्र से फिर पीजीडीसीए कोर्स की पढ़ाई शुरू की जाएगी।
इस पहल से कंवाली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गांव में ही गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा मिल सकेगी। कोर्स में दाखिला लेने के लिए किसी भी संकाय से स्नातक होना अनिवार्य है।
सामान्य व अन्य श्रेणियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक तथा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 47.5 प्रतिशत अंक आवश्यक है। यदि कोई विद्यार्थी यह कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण करता है, तो उसे कॉलेज की ओर से जमा करवाई गई 1 हजार रुपये की सिक्योरिटी राशि वापस की जाएगी।
पीजीडीसीए कोर्स में हैं कुल 40 सीटें
पीजीडीसीए कोर्स में कुल 40 सीटें निर्धारित की गई हैं। इच्छुक छात्र-छात्राएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं। कोर्स का वार्षिक शुल्क केवल 7 हजार रुपये रखा गया है, जो कि निजी संस्थानों की तुलना में काफी किफायती है। वहीं कॉलेज प्रशासन का कहना है कि पीजीडीसीए कोर्स की शुरुआत न केवल युवाओं को डिजिटल युग के अनुरूप तैयार करेगी, बल्कि उन्हें सरकारी व निजी क्षेत्रों में रोजगार पाने में भी मददगार साबित होगी। इसके अतिरिक्त, कोर्स पूरा करने के बाद छात्र सीधे एमएससी (आईटी या कंप्यूटर साइंस) के द्वितीय वर्ष में भी दाखिला ले सकते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान
यह कोर्स ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए किसी सौगात से कम नहीं है। कंवाली राजकीय कॉलेज में इसकी शुरूआत से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिला है। अब उन्हें शहरों की ओर रुख करने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे समय और संसाधनों की बचत तो होने के साथ ही बाहर के महंगे शिक्षण संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
दाखिले की प्रक्रिया
28 जुलाई ऑनलाइन आवेदन
29 जुलाई आवेदन की जांच प्रक्रिया
31 जुलाई प्रथम मेरिट सूची जारी
1 से 4 अगस्त फीस जमा करने की अवधि
वर्जन
तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए इस सत्र से पीजीडीसीए कोर्स शुरू किया गया है। अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब और योग्य शिक्षक उपलब्ध हैं। 40 सीटें निर्धारित की गई हैं। 7 हजार रुपये वार्षिक शुल्क देकर इस कोर्स में दाखिला ले सकते हैं।-प्रो. कृष्ण कुमार शर्मा, कंवाली कॉलेज एडमिशन नोडल अधिकारी ।