संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ उसके पड़ोसी युवक ने चार माह तक दुष्कर्म किया। छात्रा के गर्भवती होने पर इसकी जानकारी परिजनों को हुई। आरोपी फरार है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पीड़ित छात्रा की मां ने एफआईआर में कहा है कि वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। रेवाड़ी में एक कॉलोनी में परिवार के साथ रहती है। परिवार का गुजारा मजदूरी से होता है। उसके साथ वाले कमरे में बिहार निवासी शंकर रहता है।
20 जुलाई की शाम को उसकी बेटी उल्टियां कर रही थी। उसे कुछ शक हुआ तो किट से गर्भवती होने का टेस्ट किया। टेस्ट पॉजिटिव आया तो उसने बेटी से इस बारे में पूछा। बेटी ने उसे बताया कि पड़ोसी शंकर 4 महीने से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है।
वह बार-बार बहला-फुसला कर अपने कमरे पर बुला लेता था और दुष्कर्म करता था। महिला ने बताया कि उसे और परिवार को सिर्फ इतना पता है कि आरोपी शंकर बिहार का निवासी है। वह कहीं नौकरी, मजदूरी या कोई और कार्य, इसके बारे में किसी को कुछ पता नहीं है। काम के बारे में आरोपी ने कभी किसी को नहीं बताया था।
पुलिस टीम पीड़िता का मेडिकल कराने के लिए सामान्य अस्पताल पहुंची है। अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि छात्रा कितने महीने की गर्भवती है। इंस्पेक्टर सीमा कुमारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।