रेवाड़ी। फैक्ट्री के बाहर खड़े लोगों को समझाते अधिकारी। संवाद
रेवाड़ी। शहर के झज्जर रोड स्थित एक फैक्टरी से फैल रहे ध्वनि, वायु और जल प्रदूषण को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित नागरिक फैक्टरी में पहुंच गए और प्रदूषण विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया।
लोगों का आरोप है कि फैक्टरी रिहायशी क्षेत्र के बीच संचालित हो रही है और 24 घंटे मशीनें चलने से तेज आवाज होती है। इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है। उनका कहना है कि शोर के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है रात में नींद नहीं आती और बुजुर्ग व बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि फैक्टरी का दूषित पानी सीवर और गलियों में छोड़ा जा रहा है जिससे गंदगी और बदबू फैल रही है। शिकायत मिलने पर प्रदूषण विभाग के एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों के साथ स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने फैक्टरी प्रबंधन द्वारा लापरवाही बरते जाने की बात स्वीकार की। वहीं फैक्टरी प्रबंधन ने समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिन का समय मांगा है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि तय समय में सुधार नहीं हुआ तो वे कड़े कदम उठाने को मजबूर होंगे।