रेवाड़ी। सोमवार सुबह 7 बजे जिले में 50 स्थानों पर योगा प्रोटोकॉल के तहत योग के कार्यक्रम शुरू होंगे। यह सुबह 7.45 तक चलेेंगे। ओम से लेकर भ्रामरी की गूंज से पूरा वातावरण गुंजायमान होगा। जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन बाल भवन में किया जाएगा। इसमें हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम से जुड़कर लेग योग का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन लिंक के माध्यम से इस विश्व योग दिवस में भाग लें। उन्होंने बताया कि 21 जून 2021 को घर बैठेे ऑनलाइन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह (सुबह 7:00 बजे) कार्यक्रम का लाभ उठा सकते हैं।
उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने बताया कि 21 जून को आयोजित 7वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कोरोना महामारी के मद्देनजर स्वास्थ्य सुरक्षात्मक मानदंडों का अनुपालन करते हुए बाल भवन में मनाया जाएगा। योग दिवस कार्यक्रम जिला मुख्यालय सहित कुल 50 स्थानों पर मनाया जाएगा। कोविड नियमों के पालने के दृष्टिगत प्रत्येक कार्यक्रम में 50 व्यक्ति ही शामिल किए जाएंगे। योग दिवस कार्यक्रम सुबह सात बजे से 7.45 बजे तक चलेगा। जो लोग ऑनलाइन योग कार्यक्रम में भाग लेंगे, वे प्रतिभागी ऑनलाइन ही अपना प्रतिभागिता का प्रमाण पत्र भी डाउनलोड कर सकेंगे।
इन 50 स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन बाल भवन में होगा। इसके अलावा जिले में शहर के नेताजी सुभाष पार्क वार्ड नंबर-18, स्वर्ण जयंती पार्क वार्ड नंबर-19, सामुदायिक भवन सेक्टर-3 रेवाड़ी, सतीश भारत घर वार्ड नंबर-6, श्याम वाटिका धारूहेड़ा वार्ड नंबर-11-12-13, नगरपालिका भवन बावल, राजीव गांधी खेल परिसर कोसली, राजीव गांधी खेल परिसर बावल, राजीव गांधी खेल परिसर गुरावड़ा, राजीव गांधी खेल परिसर मनेठी, राजीव गांधी खेल परिसर नेहरूगढ़, राजीव गांधी खेल परिसर पाचौर, रावमावि सहारनवास, रावमावि कापड़ीवास, रावमावि रेवाड़ी, रावमावि बावल, रावमावि गढ़ी बोलनी, रावमावि नांगल तेजू, रावमावि सुलखा, रावमावि बगथला, रावमावि बोडिया कमालपुर, रावमावि जाटूसाना, रावमावि पाल्हावास, रावमावि मोतला कला, रावमावि खोल, रावमावि पाली, रावमावि खोरी, रावमावि कोसली, रावमावि रतनथल, रावमावि नाहड़, रावमावि गुडियानी के अलावा बुढ़पुर व्यायामशाला, फदनी, नया गांव, माजरा गुरदास, महेश्वरी, कुंडल, बेरली खुर्द, मुसेपुर, श्याम नगर, लूला अहीर, जुड्डी, बिसोवा, भटेडा, उस्मापुर, डोढई, मोहम्मदपुर, शाहपुर व रालियावास की व्यायामशालाओं में योग दिवस मनाया जाएगा।
पहले दिन की गई योग की रिहर्सल
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य रूप से मनाए जाने के लिए रिहर्सल की जा रही है। योग शिक्षकों द्वारा लोगों को योग क्रियाएं बताई जा रही हैं। जिससे वह योग दिवस के दिन बेहतर योग प्रदर्शन कर सकें। रविवार को सुभाष पार्क रेवाड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर योग क्रियाओं का पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट योग प्रशिक्षकों द्वारा योग की विविध क्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। बताया गया कि योग हमारे शरीर एवं मस्तिष्क के साथ-साथ हमारी आत्मा को भी शुद्ध करता है। पतंजलि की तरफ से तैयार किए गए 50 मास्टर ट्रेनर 21 जून को जिले में अलग-अलग जगहों पर लोगों को योग करवाएंगे।