रेवाड़ी। भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को हुए फाइनल क्रिकेट मैच को देखने के लिए क्रिकेट प्रेमी टीवी के सामने टकटकी लगाए बैठे रहे। रह-रह कर लोग भारत की टीम के प्रदर्शन पर तालियां बजाते हुए खुशी जताते रहे।
भारत-पाकिस्तान के फाइनल मुकाबले को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जैसे ही मैच शुरू हुआ लोग एकत्र होकर टीवी के सामने बैठ गए। घरों और गली-मोहल्ले में क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटी रही। जगह-जगह लोग क्रिकेट मैच पर चर्चा करते नजर आए।
क्रिकेट प्रेमी विकास, अनिल, विजय का कहना था कि इंडिया-पाकिस्तान का फाइनल महामुकाबला कई वर्षों बाद देखने को मिला है, इसलिए इसका अलग ही रोमांच है। मैच के दौरान हर चौका-छक्का और विकेट पर दर्शक झूम उठे और तालियों व जयकारों से माहौल गूंजता रहा।
दर्शकों ने कहा कि इस तरह का मुकाबला केवल खेल नहीं बल्कि दोनों देशों के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार पल होता है।