जिले में सोमवार देर रात झमाझम बारिश हुई। बारिश से पहले तेज अंधड़ और हवाएं चली और फिर आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। निकासी नहीं होने के कारण सुबह तक कई निचले इलाकों व पॉश एरिया में बारिश का पानी जमा हो गया। वहीं तापमान 10 डिग्री तक लुढ़क चुका है।
बता दें कि सोमवार सुबह भी रेवाड़ी शहर में करीब 15 मिनट तक अच्छी बारिश हुई थी लेकिन उसके बाद मौसम साफ हो गया था। सोमवार को 10 डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार को सुबह बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहा।
दरअसल, मौसम विभाग ने 21 से 24 मई तक धूल भरी आंधी और बारिश का अनुमान लगाया हुआ है। रेवाड़ी में शनिवार को ही मौसम बदल गया था। हालांकि धूल भरी आंधी के बाद कुछ देर के लिए बूंदाबांदी जरूर हुई लेकिन रविवार को पूरा दिन मौसम साफ रहा। सोमवार सुबह अच्छी बारिश हुई। देर रात साढ़े 10 बजे मौसम ने फिर करवट बदली और झमाझम बारिश हुई।
रातभर गरजे बादल, बिजली गुल
सोमवार की रात साढ़े 10 बजे तेज हवाओं का दौर शुरू हुआ। धूल भरी आंधी की वजह से कई जगह पेड़ और बिजली के पोल टूट गए। बाद में 12 बजे तक बारिश होती रही। हालांकि बारिश तो रूक गई, लेकिन पूरी रात बादल गरजते रहे। आंधी और बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों मोहल्ला बास सिताबराय, भजन का बाग, गुजरवाड़ा, बल्लूवाड़ा, वैद्यवाड़ा, बारा हजारी, कुंज गली व मेन बाजार, पॉश एरिया मॉडल टाउन, सेक्टर तीन, सेक्टर चार, ब्रास मार्केट में बिजली गुल रहने के साथ-साथ जलभराव की समस्या बनी रही। कई मोहल्लों में तो सुबह 4 बजे बाद बिजली चालू हो पाई।