संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। कस्बे में जगह-जगह गंदगी से लोग परेशान हैं। सड़कों पर गड्ढों में भरे पानी में मच्छर पनप रहे हैं। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है।
स्थानीय लोगों ने इस मामले में कई बार नगर पार्षदों से समस्या समाधान की मांग की, लेकिन अभी तक यहां सफाई व्यवस्था को लेकर हालात नहीं सुधरे हैं। ऐसे में अधिकारियों के खिलाफ लोगों में गुस्सा है। वहीं, शहर में एकमात्र जो बस स्टैंड की जगह है, यहां भी गंदगी पसरी रहती है। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर आ जाता है, जिसे आने जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती है। शहर के बाहर गंदगी का आलम है, जहां पशुओं का जमावड़ा भी लगा रहता है। सफाई कर्मचारी कभी भी बास रोड की तरफ सफाई करने नहीं आया है। लोगों का कहना है कि हम खुद सफाई करने को मजबूर हैं। यहां के सर्कुलर रोड से बिजली बोर्ड तक नालों में पालिथीन व कचरा भरा पड़ा है,कइ बार नपा को अवगत करा दिया, लेकिन इस तरफ किसी का ध्यान नहीं है। नालों की सफाई नहीं होने के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है।
डेंगू का मच्छर लगातार अपना असर दिखाकर लोगों को बीमार करने में लगा हुआ है। रोजाना नए केस प्रकाश में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में दवा का छिड़काव करवाया है। मौसम बदलने के बाद भी मच्छरों का प्रकोप कम नहीं हो रहा है।
वर्जन:
नगर पालिका द्वारा लगातार सफाई करवाई जा रही है। हमारे संज्ञान में गंदगी को लेकर कोई शिकायत नहीं आई है। यदि कहीं ऐसी समस्या है तो सभी स्थानों पर निरीक्षण कर सफाई करवा दी जाएगी।-प्रवीण कुमार, नगर पालिका सचिव, धारूहेड़ा