रेवाड़ी। बिजली आपूर्ति ठप रहने से नाराज ग्रामीणों ने वीरवार देर रात दो स्थानों पर जाम लगा दिया। पाल्हावास और आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने रोहतक-रेवाड़ी नेशनल हाईवे-352 पर जाम लगाया, जबकि मुसेपुर के ग्रामीणों ने बेरली-रेवाड़ी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी।
इससे दोनों मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। पाल्हावास में ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति ठप रहने के विरोध में देर रात हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर रोहड़ाई थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर बिजली आपूर्ति सुचारु कराने का आश्वासन दिया। करीब तीन घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। वहीं, मुसेपुर गांव में सुबह नौ बजे से बिजली नहीं आने के कारण ग्रामीणों में रोष था।
ग्रामीणों का कहना था कि इसी फीडर से जुड़े आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति चालू थी, लेकिन मुसेपुर में सप्लाई बंद रहने से लोगों को दिनभर परेशानी उठानी पड़ी। ग्रामीणों ने बेरली-रेवाड़ी मार्ग पर जाम लगा दिया।
सूचना मिलने पर जाटूसाना थाना प्रभारी प्रिंस यादव पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को सुबह तक समस्या का समाधान कराने के प्रयासों का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे में जाम खोल दिया गया।