रेवाड़ी। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में वित्तीय लेन-देन के लिए लागू की गई एसएनए स्पर्श प्रणाली (समयोचित प्रणाली एकीकृत शीघ्र हस्तांतरण) को लेकर स्कूल शिक्षा अधिकारियों ने व्यावहारिक कठिनाइयां बताईं हैं। हरियाणा स्कूल एजुकेशन ऑफिसर्स एसोसिएशन की रेवाड़ी इकाई ने इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एडीसी राहुल मोदी को सौंपकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि पिछले सत्र में स्कूलों का वित्तीय खर्च पीएफएमएस (पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम) के माध्यम से किया जाता था। यह प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और व्यावहारिक थी।
इसके विपरीत एसएनए स्पर्श प्रणाली में भुगतान की प्रक्रिया काफी जटिल हो गई है। इसमें किसी कार्य या सामग्री के लिए बिल पहले जनरेट और अपलोड करना अनिवार्य है। स्थानीय स्तर पर दुकानदार या विक्रेता के लिए भुगतान से पहले बिल जारी करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं हो पाता। इससे स्कूलों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि पहले केवल 250 पीएम श्री विद्यालयों को पंचकूला स्थित एक केंद्रीय कोषागार से जोड़ने पर भी समय पर भुगतान और लेन-देन में परेशानी आई थी। अब प्रदेश के हजारों सरकारी विद्यालयों का वित्तीय लेन-देन एक ही कोषागार से होने के कारण व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव और बजट लैप्स होने का खतरा बढ़ गया है।
एसोसिएशन ने मांग की है कि पूर्व की तरह पीएफएमएस प्रणाली जारी रखी जाए या एसएनए स्पर्श प्रक्रिया को सरल बनाकर जिला स्तर पर विकेंद्रीकृत किया जाए, ताकि स्कूलों के विकास कार्य, मरम्मत और दैनिक गतिविधियों के लिए बजट का समय पर उपयोग हो सके।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉक्टर हरिप्रकाश, हरीश चौहान, अजय कुमार, देवेंद्र सिंह, मंजू बाई, सुलेखा, विनोद मेहता, विनोद महेश्वरी, शर्मिला देवी, मोनिका, संजय व अन्य मौजूद रहे।