रेवाड़ी। सरसों की तूड़ी से बॉयलर के लिए ईंधन तैयार करने वाले प्लांट से लाखों रुपये का माल मंगवा कर एक व्यक्ति ने भुगतान नहीं किया। कंपनी के निदेशक ने मामले की खोल थाना पुलिस को शिकायत दी है। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव मायण में वर्ष 2021 से सरसों की तूड़ी प्लांट बायोम इंडस्ट्रियल प्राइवेट लिमिटेड लगा हुआ है। इसके निदेशक शुभम गोयल व तनेश डोड हैं। वे सरसों की तूड़ी से गिट्टी बनाने का व्यवसाय करते हैं, जो फैक्टरियों के बॉयलर (भट्ठी) में ईंधन के रूप में उपयोग किया जाता है। निदेशक ने बताया कि 14 अप्रैल 2022 को बावल के गांव नरसिंहपुर गढ़ी में बने ओम बायोफ्यूल्स के मालिक लोकेश पंडित गिट्टी खरीदने के लिए मिलने आए थे। उनके साथ 150 टन माल 5.5 प्रति किलोग्राम के हिसाब से बेचने का सौदा तय हुआ था। साथ ही भुगतान करने के लिए एक महीने का समय दिया गया।
निदेशक का आरोप है कि 3 मई तक कंपनी ने लोकेश पंडित के पास 3 ट्रक में 34.810 टन माल भेजा, जिसकी कुल रकम 2 लाख एक हजार 28 रुपये थी। आरोप है कि 17 मई को प्लांट में आकर लोकेश मशीन के स्पेयर पार्ट्स 2 टिक्की, 2 बोल्ट और 1 रेम भी उधार लेकर गए, जिसकी कीमत 12000 रुपये थी। पहली गाड़ी के माल का भुगतान लोकेश पंडित को 20 मई को करना था। निदेशक ने आरोप लगाया है कि जब भुगतान के लिए उन्होंने लोकेश पंडित से संपर्क किया तो पहले वह टरकाने लगा है। आखिर बार उनकी 7 जून को लोकेश से बात हुई। इसके बाद मोबाइल नंबर स्विच ऑफ दिखाने लगा। कंपनी के दोनों डायरेक्टर जब उनके पते पर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। जानकारी जुटाने पर पता चला कि वह कई लोगों से धोखाधड़ी कर कहीं चला गया है।
निदेशक का आरोप है कि जब उन्होंने दूसरे नंबर से लोकेश पंडित को फोन किया तो उन्होंने गाली-गलौज की और फिर पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। खोल थाना पुलिस ने आरोपी लोकेश के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
वर्जन:
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
- कृष्ण कुमार, निरीक्षक, थाना प्रभारी, खोल।