संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के 16 भ्रष्ट पटवारियों के नाम की जारी सूची को रद्द करने की मांग को लेकर पटवारियों ने वीरवार को भी कालीपट्टी बांध कर काम किया। पटवारी सिर्फ अपने हलके का काम कर रहे हैं। वे अतिरिक्त कार्य नहीं कर रहे हैं जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
जिले में 60 पटवारी और 12 कानूनगो हैं। इनमें से 16 पटवारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के जिला प्रधान बलबीर यादव और महासचिव कुलदीप ने कहा कि सूची रद्द नहीं की जाती है तबतक पटवारी व कानूनगो अपने मूल हलके के अलावा अन्य कोई कार्य नहीं करेंगे। पटवारियों ने कहा कि सरकार के पास कई जांच एजेंसियां हैं लेकिन सिर्फ सीआईडी की रिपोर्ट के आधार पर ही भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर कार्रवाई करने की बात समझ नहीं आ रही है। पटवारियों ने मामले की उचित तरीके से जांच करने और जारी सूची को निरस्त करने की मांग की है। एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि इस पत्र को निरस्त घोषित किया जाए। यह एक प्रकार से मानसिक प्रताड़ना है।