भिवाड़ी। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सांथलका की हल्का पटवारी आशा कुमारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इनके पास भिवाड़ी के शाहडाद हल्के का भी प्रभार है।
एसीबी अलवर के डीएसपी शब्बीर खान ने बताया कि आरोपी पटवारी आशा कुमारी ने एक परिवादी से भूमि नामांतरण का काम कराने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में दोनों पक्षों में 15 हजार रुपये में काम तय हुआ।
परिवादी की शिकायत पर एसीबी टीम ने प्रारंभिक जांच की जिसमें रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया। सत्यापन के दौरान आरोपी ने 10 हजार रुपये लिए। गुरुवार को दूसरी किस्त के रूप में 5 हजार रुपये स्वीकार करते ही एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
डीएसपी शब्बीर खान के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी पटवारी से पूछताछ के लिए यूआईटी थाना लाया गया है और उससे जारी है। मामले में आगे की जांच चल रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।