कार्यक्रम के शुरूआत के दौरान एकत्रित हुए अधिकारी व कर्मचारी। स्रोत :विभाग
रेवाड़ी। हरियाणा एड्स कंट्रोल सोसाइटी की तरफ से एचआईवी एड्स जागरूकता को लेकर फोक मीडिया कैंपेन का शुभारंभ किया गया है। अभियान को सिविल सर्जन डॉ. नरेन्द्र दहिया एवं उप-सिविल सर्जन डॉ. जोगेन्द्र सिंह तंवर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरूकता कार्यक्रम नागरिक अस्पताल परिसर से शुरू हुआ इसमें रोहतक से आई फोक टीम सलीम एंड पार्टी द्वारा जिले में कुल 12 प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम हाई रिस्क ग्रुप वाले क्षेत्रों रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धारूहेड़ा टाउन पार्क, ट्रंक यूनियन करनावास सहित अन्य स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान आमजन के लिए टीबी स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह जागरूकता एवं जांच अभियान 9 मार्च तक चलेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को एचआईवी एड्स से बचाव, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक करना है।
एचआईवी मरीजों को सरकार की सहायता
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से एचआईवी संक्रमित मरीजों को निशुल्क जांच, एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी दवाइयां, परामर्श सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच, तथा आवश्यकतानुसार पोषण व मानसिक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष योजनाएं भी चलाई जा रही हैं ताकि संक्रमण को रोका जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लें व समय पर अपनी जांच कराएं और स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।