रेवाड़ी। भाड़ावास रोड स्थित रेलवे फाटक नंबर 61 पर बने फोर लेन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की सर्विस रोड चौड़ी करने का रास्ता साफ हो गया है। न्यू आदर्श नगर, कंपनी बाग के हिस्से, परशुराम कॉलोनी और हंस नगर क्षेत्र के लोगों को जल्द ही संकरी सर्विस रोड से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके लिए करीब 40 प्लॉटों की रजिस्ट्री सरकार के नाम कराई जाएगी।
सरकार ने भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 19.98 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। रजिस्ट्री से पहले संबंधित प्लॉट मालिकों को नगर परिषद से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनडीसी) लेना होगा।
सर्विस रोड की चौड़ाई बढ़ाने की मांग को लेकर रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण यादव, नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पिप्पल और वार्ड नंबर 22 के पार्षद देवेंद्र कुमार शर्मा ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर इस परियोजना को जल्द पूरा कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद सरकार ने राशि मंजूर की।
हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम (एचएसआरडीसी) ने भूमि की डिजिटल मैपिंग और सीमांकन के लिए लैंड एग्रीगेटर नरेंद्र कुमार पीपल को आधिकारिक आदेश भी जारी किए हैं।
सर्विस रोड चौड़ी होने से क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने और जलनिकासी के लिए उचित ढलान तैयार करने में भी मदद मिलेगी। इससे जलभराव और आवागमन की समस्या दूर होने की उम्मीद है। पार्षद देवेंद्र कुमार शर्मा ने भूमि मालिकों से प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील करते हुए उनका आभार जताया है।
3,285 वर्ग गज जमीन का होगा अधिग्रहण
सर्विस रोड के लिए कुल 3,285.77 वर्ग गज यानी लगभग 0.679 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जानी है। योजना के तहत प्रभावित भू-स्वामियों को जमीन का मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा सड़क के दायरे में आने वाले मकानों और अन्य निर्माणों का मूल्यांकन कर उन्हें ढांचे गिराने के लिए अलग से मुआवजा भी दिया जाएगा। भूमि की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सर्विस रोड की चौड़ाई बढ़ाकर करीब 24 से 25 फीट की जा सकेगी।
पुल बनने के बाद 6 से 8 फीट रह गई थी सड़क
आरओबी बनने के बाद कई स्थानों पर सर्विस लेन की चौड़ाई महज 6 से 8 फीट रह गई थी। इससे कार निकालना भी मुश्किल हो गया था। संकरी सड़क पर बिजली के खंभे होने से परेशानी और बढ़ जाती थी। अब दोनों तरफ आवश्यक जमीन लेकर सर्विस रोड को चौड़ी करने की योजना है। इससे न्यू आदर्श नगर, परशुराम कॉलोनी, हंस नगर और आसपास की बड़ी आबादी को आवागमन में सुविधा मिलेगी।