संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से गंगानगर जा रही पैसेंजर ट्रेन में उस समय अफरातफरी मच गई जब ट्रेन का इंजन अचानक डिब्बों से अलग होकर आगे निकल गया। इसके चलते यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि कोई हादसा नहीं हुआ।
गाड़ी संख्या 14030 पैसेंजर ट्रेन मंगलवार दोपहर सवा 3 बजे रेवाड़ी से रवाना हुई थी। गोकलगढ़ के पास पहुंचने पर ट्रेन का हुक टूट गया जिससे इंजन और डिब्बे अलग हो गए। इंजन बिना डिब्बों के आगे निकल गया जबकि डिब्बे ट्रैक पर रुक गए।
स्थिति का पता चलते ही लोको पायलट ने इंजन को वापस लाकर डिब्बों से जोड़ा और ट्रेन को दोबारा सुरक्षित रूप से आगे रवाना किया गया। इस दौरान यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ यात्रियों ने घटना का वीडियो भी बना लिया।
डिब्बे अलग होने पर कोई तेज झटका महसूस नहीं हुआ, लेकिन अचानक इंजन के गायब होने से लोग घबरा गए। सूचना मिलने पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जीआरपी थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि हुक टूटने के कारण इंजन अलग हुआ था और बाद में उसे जोड़कर ट्रेन को रवाना कर दिया गया।