रेवाड़ी। रामपुरा स्थित कैंप कार्यालय में पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने की। बैठक में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की आगामी पैरा स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांग खिलाड़ियों को सर्वोत्तम सुविधाएं और अवसर देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की है कि हर जिले में पैरा स्पोर्ट्स टीमों का गठन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचान मिले और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी हरियाणा का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकें, इसके लिए सुविधाओं, उपकरणों और प्रतियोगिता अवसरों को बढ़ाया जाएगा।
बैठक में राज्यस्तरीय पैरा स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं की पूरी रूपरेखा पर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिताओं की तारीख और स्थान का औपचारिक ऐलान जल्द किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं पर भी विचार-विमर्श हुआ जिनमें हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप, राष्ट्रीय छठी जोनल पैरा शूटिंग प्रतियोगिता और दिसंबर में नई दिल्ली के कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में होने वाली छठी नेशनल पैरा शूटिंग चैंपियनशिप प्रमुख रहीं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। इसके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को मजबूत और तकनीकी रूप से उन्नत बनाया जाएगा। इस मौके पर राव राघवेंद्र, सचिन मलिक, ज्योति छाबड़ा, पवन अधाना, कोच धर्मेंद्र सिंह, अनिल यादव और फाउंडर सदस्य धर्मेंद्र सिंधवानी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।