संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रोडवेज ने 10 नई वातानुकूलित बसों का संचालन शुरू करने के लिए कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये बसें चंडीगढ़, हरिद्वार, दिल्ली और जयपुर रूट पर चलाई जानी हैं। बीमा की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इस सप्ताह के अंत तक इन एसी बसों का लंबी दूरी के रूट पर संचालन शुरू हो जाएगा।
एसी बसों का फिटनेस सर्टिफिकेट मिल चुका है, लेकिन बीमा समेत अन्य औपचारिकताएं होनी बाकी हैं। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि बीमा की औपचारिकताएं पूरी होते ही ये बसें विभिन्न लंबे रूट पर भेजी जाएंगी।
एसी बसें मुख्य रूप से चंडीगढ़, हरिद्वार, दिल्ली और जयपुर के लिए चलाई जाएंगी। एसी बसों के चलने से यात्रियों को यात्रा के दौरान गर्मी से राहत मिलेगी। बसों के अंदर ठंडी हवा के साथ सफर करना बेहद आरामदायक होगा।
लंबे रूट की कई सामान्य बसों को हटाकर लोकल रूटों पर चलाया जाएगा, ताकि लोकल को अधिक लाभ मिल सके। वहीं, कई बसें महेन्द्रगढ़, नारनौल रूट पर भी बढ़ाई जा सकती हैं।
रोडवेज रेवाड़ी के बेड़े को कुल 177 बसों की जरूरत है, लेकिन लंबे समय से यहां सिर्फ 151 बसें ही थीं, अब कुल 161 बसें बेड़े में शामिल हो गई हैं।
-
इमरजेंसी बटन की भी मिलेगी सुविधा
एसी बसों में किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इमरजेंसी बटन की सुविधा है जिसे दबाते ही बस तुरंत रुक जाएगी। इससे यात्रा आरामदायक और सुरक्षित होगी। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने मोबाइल फोन की बैटरी खत्म होने की चिंता भी नहीं सताएगी। नई एसी बसों में मोबाइल चार्जिंग की सुविधा दी गई है।
-
वर्जन
एसी बसों के संचालन को लेकर कागजी प्रक्रिया अभी चल रही है, जो जल्द ही पूरी होने वाली है। अनुमति लेने के बाद बसों का संचालन शुरू करवा दिया जाएगा। -प्रदीप, महाप्रबंधक रोडवेज।