ऑक्सीजन की मांग को लेकर लघु सचिवालय पहुंचे मरीजों के परिजन।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जिले में ऑक्सीजन का संकट खड़ा हो गया है। अस्पतालों की तरफ से हाथ खड़े करने पर ऑक्सीजन की कमी को लेकर मंगलवार को दिनभर कोरोना संक्रमितों के परिजन सचिवालय से लेकर सीएमओ कार्यालय चक्कर लगाते रहे। शाम के समय स्टॉक खत्म होने की स्थिति में कुछ निजी अस्पताल संचालकों ने मानेसर प्लांट में स्वयं की गाड़ियां भेजकर ऑक्सीजन के सिलिंडर मंगवाए हैं।
बता दें कि जिले में अस्पतालों को पहले भिवाड़ी की एक कंपनी से ऑक्सीजन की सप्लाई होती थी। लेकिन कंपनी ने कुछ दिन पहले राजस्थान में बिगड़ते हालात के बीच ऑक्सीजन की सप्लाई बंद कर दी। निजी अस्पतालों से लेकर सरकारी अस्पताल तक ऑक्सीजन का स्टॉक खत्म होने लगा तो मामला सरकार तक पहुंचा। मंगलवार शाम होते-होते कई अस्पतालों में ऑक्सीजन का स्टॉक खत्म हो गया। साथ ही निजी अस्पतालों में भर्ती कोरोना संक्रमितों के परिजन मंगलवार सुबह से ही कभी जिला सचिवालय तो कभी सीएमओ कार्यालय में ऑक्सीजन के लिए चक्कर काटते रहे। जिला सचिवालय में ऑक्सीजन की कमी की शिकायत लेकर पहुंचे करीब एक दर्जन संक्रमितों के परिजनों ने बताया कि निजी अस्पताल संचालक ने भर्ती करने से पहले ही साफ कर दिया था कि उनके पास ऑक्सीजन का जितना स्टॉक है, उसी हिसाब से मरीज को भर्ती किया जाएगा। उसके बाद परिजन अपने ही स्तर पर अधिकारियों का दरवाजा खटखटाने पहुंच गए। वे पहले एडीसी राहुल हुड्डा के पास पहुंचे। शाम होने पर निजी अस्पतालों ने अपने स्तर पर मानेसर प्लांट में बात की। कुछ अस्पताल संचालकों ने अपनी गाड़ियां मानेसर भेजकर ऑक्सीजन मंगवानी शुरू कर दी है।