नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ छात्रों के वार्षिक संवाद परीक्षा पे चर्चा के लिए 3.6 करोड़ पंजीकरण हो चुके हैं। इनमें 2.85 करोड़ विद्यार्थी, 17 लाख से ज्यादा शिक्षक और साढ़े तीन लाख अभिभावक शामिल हैं। यह संख्या और बढ़ने की संभावना है, क्योंकि परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण के लिए माईजीओवी पोर्टल पर 11 जनवरी तक आवेदन किए जा सकते हैं।
जनवरी में होने वाले इस वार्षिक कार्यक्रम में पीएम से सवाल पूछने और मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य है।
शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर परीक्षा पे चर्चा ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। इस कार्यक्रम के लिए अब तक 3 करोड़ से ज्यादा छात्र, अभिभावक और शिक्षक रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के तनाव को कम करने और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने में इस पहल की अहम भूमिका रही है। यह देश का सबसे बड़ा और सबसे प्रेरक शिक्षा संवाद कार्यक्रम है। हर साल की तरह पीएम मोदी इस वर्ष भी छात्रों, शिक्षकों व अभिभावकों को परीक्षा व कॅरिअर से जुड़े तनाव दूर करने के लिए उनका मार्गदर्शन करेंगे।
छठी से 12वीं तक के विद्यार्थी हो सकते हैं शामिल
परीक्षा पे चर्चा में छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन करना होगा। मोबाइल, ईमेल आईडी के अलावा डिजीलॉकर अकाउंट से भी पंजीकरण किया जा सकता है। जिन छात्रों के पास मोबाइल और ईमेल आईडी नहीं है, उनके लिए अलग विंडो में आवेदन करना होगा।