रेवाड़ी। गुरुग्राम एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने वीरवार की शाम कुंड चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार और एएसआई कुलदीप को सात हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल छोड़ने के एवज में रकम मांग रहे थे।
19 अप्रैल को एनएच-11 पर गांव पाडला के पास एक होटल में चोरी हुई थी। होटल मालिक सुनील कुमार ने शिकायत दी थी कि एक कर्मचारी 70 हजार रुपये नकद, टैबलेट और अन्य सामान के साथ बाहर खड़ी बाइक चोरी कर ले गया था। चोरी गई बाइक श्रवण कुार की थी।
पुलिस ने जांच के बाद गांव नांधा निवासी श्रवण कुमार की बाइक और सामान बरामद किया था। बाद में कोर्ट ने श्रवण को बाइक सुपुर्द करने के आदेश दिए थे।
श्रवण कुमार का आरोप है कि जब वह बाइक लेने के लिए कुंड पुलिस चौकी पहुंचे तो उनसे पैसे मांगे गए। उन्होंने उक्त दोनों पुलिसकर्मियों से हुई बातचीत रिकॉर्ड कर ली जिसमें 7 हजार रुपये की मांग की पुष्टि हुई है।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी गुरुग्राम ने मामले की जांच कर ट्रैप बिछाया। वीरवार शाम श्रवण कुमार रुपये लेकर चौकी पहुंचे। जैसे ही एएसआई कुलदीप ने पैसे लिए, एसीबी टीम ने मौके पर ही दोनों को दबोच लिया। एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा।