केंद्रीय श्रमिक संगठनों एआईयूटीयूसी व एआईटीयूसी के संयुक्त आह्वान पर शनिवार को शहर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मानेसर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नोएडा सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों के मजदूरों की मांगों का समर्थन करते हुए पुलिस प्रशासन पर श्रमिकों के प्रति कथित अत्याचार का विरोध जताया।
साथ ही हरियाणा के हड़ताली दमकल कर्मचारियों की मांगों का भी समर्थन किया गया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन भेजा गया। एआईयूटीयूसी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि औद्योगिक मजदूर लंबे समय से वेतन वृद्धि और कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाओं की मांग कर रहे हैं जिन्हें तुरंत पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने सरकार से न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये करने की मांग की। आरोप लगाया कि श्रमिक आंदोलनों के दौरान पुलिस द्वारा दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है जिसे तुरंत रोका जाना चाहिए। साथ ही गिरफ्तार मजदूरों की रिहाई, दर्ज मामलों की वापसी और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
घायल श्रमिकों का समुचित इलाज कराया जाए
एआईटीयूसी के जिला प्रधान सतीश नाहड़ ने कहा कि घायल श्रमिकों का समुचित इलाज कराया जाए और उन्हें मुआवजा दिया जाए। एआईयूटीयूसी के जिला सचिव शेरसिंह मीरपुर ने भी श्रमिकों की मांगों का समर्थन किया। मौके पर एआईटीयूसी के नेता सुरेश, रेखा सुमन, दमकल कर्मचारी यूनियन के नेता रामकुमार शर्मा, नरेन्द्र, धर्मेंद्र, रामौतार, हेमंत व अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।