रेवाड़ी। शहर में अवैध जल और सीवरेज कनेक्शन को नियमित करने का अभियान जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) ने शुरू किया है। यह अभियान 1 जुलाई से 30 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान शहरवासी निर्धारित शुल्क जमा कर अपने अवैध जल एवं सीवरेज कनेक्शन को नियमित करा सकेंगे।
अभियान के दौरान सड़क कटिंग शुल्क में पूरी छूट दी जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को हजारों रुपये की बचत होगी।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) हेमंत कुमार ने बताया कि विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को नियमित जल एवं सीवरेज व्यवस्था से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के तहत उपभोक्ताओं को केवल 1,500 रुपये कनेक्शन शुल्क तथा 50 रुपये मीटर टेस्टिंग शुल्क, यानी कुल 1,550 रुपये का भुगतान करना होगा। इस अवधि में सड़क कटिंग शुल्क पूरी तरह माफ रहेगा।
हेमंत कुमार ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति 30 नवंबर के बाद अवैध जल या सीवरेज कनेक्शन के साथ पकड़ा जाता है तो उसे सामान्य शुल्क के साथ भारी जुर्माना भी देना पड़ेगा।
सामान्य स्थिति में कनेक्शन शुल्क 1,500 रुपये, मीटर टेस्टिंग शुल्क 50 रुपये के अलावा सड़क कटिंग के लिए सामान्य सड़क पर 2,185 रुपये तथा सीमेंटेड सड़क पर 4,367 रुपये तक का अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता है। ऐसे मामलों में कुल राशि 3,735 रुपये से लेकर 5,917 रुपये या उससे अधिक हो सकती है।
यह लगेंगे दस्तावेज
जेई हेमंत कुमार ने बताया कि अभियान का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को पहचान पत्र (आधार, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट), परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), परिवार का फोटो, संपत्ति संबंधी दस्तावेज, प्रमाणित साइट प्लान तथा स्व-घोषणा पत्र जमा करना होगा। दस्तावेज पूरे होने के बाद विभाग नियमानुसार कनेक्शन को नियमित करने की प्रक्रिया पूरी करेगा।
अभियान खत्म होने के बाद लगेगा जुर्माना
अभियान समाप्त होने के बाद अवैध कनेक्शनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा और नियमों के अनुसार जुर्माना एवं अन्य कार्रवाई की जाएगी। इसलिए उपभोक्ता अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाएं।
वर्जन:
बिना अनुमति के जल या सीवरेज कनेक्शन लेने वाले लोग अभियान का लाभ उठाकर कनेक्शन को नियमित करा सकते हैं। अभियान के चलते अवैध कनेक्शन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना लगाया जाएगा। -हेमंत कुमार, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग रेवाड़ी