रेवाड़ी। ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत पुलिस की टीमों ने हथियार के बल पर लूटपाट और मारपीट करके जानलेवा हमला करने के चार अलग-अलग मामलों में 5 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
केस नंबर 1
एसपी कार्यालय की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश हुड्डा ने बताया कि उनकी 23 मार्च की रात को खिजूरी में शराब ठेके पर नकदी कलेक्शन करने वाले एक युवक से नकदी लूटने के मामले में संलिप्त पांचवें वांछित आरोपी गांव कालबा निवासी सोनू नसीर को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता मोहल्ला खलियावास धारूहेड़ा निवासी सौरव की शिकायत पर इस मामले में तीन नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर एक आरोपी अंकित चौधरी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
केस नंबर 2
धारूहेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कश्मीर सिंह ने बताया कि 9 सितंबर की रात को गांव खिजुरी निवासी एक व्यक्ति को हथियार के बल पर बंधक बनाकर गाड़ी, नकदी, मोबाइल व लैपटाॅप लूटने के मामले में संलिप्त चौथे आरोपी हंस नगर निवासी गौरव को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन का पुलिस रिमांड किया है। कृष्णपाल सिह की शिकायत पर दर्ज अभियोग में इस मामले में तीन आरोपी मोहित, योगेश व अंकित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
केस नंबर 3
जाटूसाना थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत प्रसाद ने बताया कि 26 अक्तूबर को गांव लाला में दो गुटों में आपसी जमीनी झगड़े में एक परिवार पर मारपीट करके जानलेवा हमला करने के मामले में संलिप्त नौवें आरोपी गांव लिसाना निवासी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। जगबीर की शिकायत पर दर्ज अभियोग में मामले में आठ आरोपी रविन्द्र कुमार उर्फ सोनू, नितिन, नीरज, नवनीत विशाल, धीरपाल, संदीप व राजपाल पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
केस नंबर 4
डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार ने बताया कि 27 अक्तूबर को खोरी बस स्टैंड पर गांव गुमिना निवासी एक युवक से लाठी मारपीट करके जानलेवा हमला करने के मामले में संलिप्त दो वांछित आरोपी गांव टींट निवासी हेमंत उर्फ हर्ष व गांव हरजीपुर निवासी अंकित को गिरफ्तार किया है। गांव गुमिना निवासी सौरव की शिकायत पर थाना रामपुरा में अभियोग दर्ज किया गया था।