रेवाड़ी। 200 बेड के नए नागरिक अस्पताल भवन के निर्माण से पहले पुरानी नागरिक अस्पताल बिल्डिंग में संचालित हो रही ओपीडी को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुरानी बिल्डिंग को कंडम घोषित कर दिया गया है। ऐसे में अब ओपीडी सहित कई विभागों का संचालन अस्थायी रूप से सेक्टर-4 स्थित कन्या स्कूल भवन में किया जाएगा।
जिला प्रशासन की अनुमति के बाद स्वास्थ्य विभाग ने शिफ्टिंग की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत विभागीय विशेषज्ञों की कमेटी गठित की गई है, जो अस्थायी भवन का निरीक्षण कर यह तय करेगी कि किस स्थान पर कौन-सा विभाग संचालित होगा और वहां किन-किन व्यवस्थाओं की आवश्यकता होगी।
विशेषज्ञों की कमेटी यह भी तय करेगी कि भवन में ऑपरेशन थियेटर, वार्ड, ऑक्सीजन सप्लाई, फायर फाइटिंग सिस्टम, लैब और अन्य जरूरी सुविधाएं कहां स्थापित की जाएंगी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर पीडब्ल्यूडी विभाग मरम्मत व आवश्यक निर्माण कार्यों का एस्टीमेट तैयार करेगा जिसे मंजूरी के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। बजट स्वीकृत होते ही मरम्मत व तैयारियों का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-
नए ब्लॉक में जगह की कमी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल नागरिक अस्पताल के नए एडिशनल ब्लॉक में पर्याप्त जगह नहीं है। वहां लैब और ओपीडी छोटे-छोटे केबिनों में संचालित हो रही हैं जिस कारण पूरी ओपीडी को वहां शिफ्ट करना संभव नहीं है। इसी वजह से सेक्टर-4 कन्या स्कूल भवन को अस्थायी विकल्प के रूप में चुना गया है।
-
इन विभागों की होगी शिफ्टिंग
पुरानी बिल्डिंग से जिन विभागों को शिफ्ट किया जाएगा उनमें ओपीडी पंजीकरण, स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग, दंत चिकित्सा विभाग शामिल हैं। वहीं सेक्टर-4 कन्या स्कूल भवन में गायनी ओपीडी, वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, ब्लड बैंक, अल्ट्रासाउंड, बाल रोग ओपीडी और एसएनसीयू को शिफ्ट किया जाएगा। डेंटल ओपीडी को नए ब्लॉक में संचालित करने की योजना है।
वर्जननागरिक अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग से ओपीडी शिफ्ट करने के लिए प्रशासन से अनुमति मिल चुकी है। विशेषज्ञों की कमेटी गठित की गई है। रिपोर्ट के आधार पर पीडब्ल्यूडी एस्टीमेट बनाकर विभाग को भेजेगा।-डॉ. नरेंद्र सिंह दहिया, सिविल सर्जन