रेवाड़ी। पुलिस ने फ्लैट बुकिंग के नाम पर 6.19 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी राजस्थान जिला राजसमंद के गांव रेलमगरा निवासी भरत रैगर है। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
एसपी कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 28 जुलाई 2025 को गांव भोतवास भोंदू निवासी कुलदीप शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसके पास 3 जून को व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने उसे घर बैठकर काम करते हुए पैसा कमाने का लालच दिया था।
उसने इसके लिए मना कर दिया। दो-तीन दिन बाद उसे टेलीग्राम पर एबीसीसी प्रोजेक्ट के बारे में फ्लैट बुकिंग प्रोजेक्ट में पैसा लगाने को कहा। उसके पास एक लिंक भेजकर उसे प्लान समझाया गया। उसने झांसे में आकर 8 ट्रांजेक्शन के जरिए 6 लाख 19 हजार 89 रुपये बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद उसने फ्लैट बुकिंग का लेटर या रसीद मांगी तो उन लोगों ने रसीद या लेटर नहीं दिया। उससे और अधिक पैसे की मांग की गई तो उसकी ठगी का पता चला। पुलिस ने यूपी के जिला लखीमपुर के गांव सकेथू हाल किरायेदार क्रांति नगर दिल्ली निवासी सुधाकर वर्मा व यूपी के जिला लखनऊ के फैजुलागंज के आदर्श नगर निवासी उदय को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपी भरत के खाते में ठगी की रकम हुई थी ट्रांसफर
आरोपी सुधाकर वर्मा के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 96 हजार 872 रुपये तथा आरोपी उदय की पत्नी के खाते में ठगी की रकम में से 61 हजार 872 रुपये ट्रांसफर हुए थे। आरोपी भरत रैगर के खाते में ठगी की रकम में से 42 हजार 504 रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।