जिले के धारूहेड़ा कस्बा में एक प्राइवेट कंपनी द्वारा मछली पालन का व्यवसाय करने के नाम पर निवेश राशि को दोगुना करने का लालच देकर एक कंपनी ने दर्जनों युवाओं के करीब एक करोड़ रुपये की राशि हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने डीएसपी को शिकायत दी है। लेकिन मामला दर्ज नहीं होने के कारण पीड़ित कई दिनों से पुलिस के चक्कर काट रहे हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
डीएसपी हंसराज को दी शिकायत में पंजाब के मनसा जिला निवासी प्रेम कुमार, रचपाल सिंह, सुखदीप, धर्मेंद्र, सुभाष यादव व विजेंद्र सिंह सहित दर्जनों युवकों ने बताया कि धारूहेड़ा स्थित एक मॉल में फिश फार्मिंग नामक एक कंपनी थी। जिसमें निवेश करने पर राशि को दोगुना करने के बाद दी जाती थी। कंपनी के निदेशकों ने लोगों को बताया कि देश के करीब आधा दर्जन स्थानों पर किराए पर तालाब लिए हुए है, जिनमें मछली पालन का व्यवसाय किया जाता है। शिकायतकर्ता ने बताया कि जनवरी माह में उन्होंने निवेश किया था। करीब डेढ माह तक कंपनी द्वारा कुल निवेश का चार प्रतिशत ब्याज वापस भी लौटाया गया। उसके बाद कंपनी के निदेशकों ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया। धारूहेड़ा में कंपनी कार्यालय गए तो वहां भी ताला लटका हुआ था। शिकायत में बताया गया है कि कंपनी ने उनके करीब एक करोड़ रुपये हड़प लिए है।
तीन बार पुलिस के चक्कर काट चुके
पीड़ितों ने बताया वे मंगलवार का तीसरी बार रेवाड़ी आए है। पुलिस को पहले भी शिकायत दी है, लेकिन टालमटोल कर रही है। पुलिस अधिकारियों से भी मुलकात कर चुके है, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के नाम परेशान किया जा रहा है। सुबह पुलिस अधिकारी के कार्यालय में आते है तथा शाम तक वहीं बैठाए रखते है। जबकि आरोपियों को नहीं बुलाया जाता है।
देश के कई स्थानों के डैम दिखाते थे निवेशकों को
पीड़ितों ने बताया कि कंपनी के निदेशकों द्वारा उन्हें हिसार, कोटद्वार व सितारा सहित अन्य स्थानों के डैम दिखाए जाते थे। बताया जाता था कि इनमें मछली पालन का व्यवसाय किया जाएगा। जिससे लोग आसानी से इनकी बातों में आ जाते थे।
सैनिक भी शामिल है निवेश करने वालों में
पीड़ितों में कुछ लोग सैनिक भी है, जो धन दोगुने के चक्कर में लाखों रुपये का निवेश कर चुके है। पीड़ितों ने बताया कि कंपनी के निदेशकों ने मछली पालन के नाम पर उन्हें बड़े-बड़े सपने दिखाए जिसके लालच में आकर लाखों रुपये का निवेश कर दिया।
उन्हें शिकायत मिल चुकी है। वे मामले की जांच कर रहे है। पीड़ितों के बयान भी दर्ज कर लिए गए है। जल्द ही कार्रवाई करेंगे।
- हंसराज, डीएसपी रेवाड़ी।