रेवाड़ी। जिले में कोरोना से शुक्रवार को एक मरीज की मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में ब्लैक फंगस के 3 संदिग्ध केस सामने आए हैं। हालांकि शुक्रवार को 32 लोगों ने कोरोना का मात दी, वहीं 30 नये संक्रमित मिले हैं। अब यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30 पर पहुंच गई है।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग की तैैयारियों एवं लोगों की जागरूकता के कारण जिले में कोरोना से हालात सुधरने लगे हैं। यही कारण है कि जिले का रिकवरी रेट 97.98 प्रतिशत पर पहुंच गया है। जिले में अब कुल 153 एक्टिव केस हैं, जिसमें से केेवल 23 नागरिक ही अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। बाकी संक्रमितों का घर पर ही इलाज चल रहा है।
सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 283493 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। शुक्रवार को मिले 30 नये संक्रमितों से मरीजों की संख्या बढ़कर 20067 पर पहुंच गई है। शुक्रवार को रेवाड़ी शहर से 3, मीरपुर से 2, नाहड़ से 12, गुरावड़ा से 6 व खोल से 6 नागरिक संक्रमित मिलेे हैं। वहीं शुक्रवार को 32 लोगों ने कोरोना का मात दी है, जिससे अब जिला में 19661 लोग कोरोना को हरा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब जिले में कुल 153 लोग कोरोना एक्टिव हैं और उनकी हालत में सुधार है। शुक्रवार को एक और कोरोना संक्रमित की मौत हुई है। अब तक जिले में 253 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पिछले 24 घंटे में 1604 लोगों के सैंपल लिए हैं। वहीं 1337 सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। इधर, सीएमओ ने बताया कि जिले में ब्लैक फंगस के 3 और संदिग्ध मामले सामने आए हैं। अब जिले में 30 नागरिक ब्लैक फंगस की संदिग्ध बीमारी से ग्रस्त हैं। जिसमें से 2 नागरिकों की इससे मौत हो चुकी है।
5128 लोगों को लगाई गई वैक्सीन
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने जिले में वैक्सीन प्रक्रिया तेज कर दी है। शुक्रवार को विभाग द्वारा 5128 डोज दी गई। जिले में अभी तक 246817 लोगों को डोज दी जा चुकी है। प्रशासन का लगातार प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को डोज दी जाए और इसके लिए गांव व शहर के अनेक जगहों पर वैक्सीन कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
जाहिदपुर और सीएचसी नाहड़ में 194 का हुआ टीकाकरण
नाहड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर के अलावा गांव जाहिदपुर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को कोरोना की रोकथाम को लेकर टीकाकरण अभियान चलाया गया। जिसमें कुल 194 नागरिकों का टीकाकरण किया गया, जबकि 32 नागरिकों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। एसएमओ डॉ. सुरेंद्र यादव ने बताया कि सीएचसी के कोविड प्रभारी डॉ. राजीव लखेरा, एसएमओ डॉ. मोनिका राव की टीम द्वारा कोरोना से बचाव को लेकर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। शुक्रवार को सीएचसी में 45 से ज्यादा के 24 और 18 से ज्यादा आयु वर्ग के 110 नागरिकों को वैक्सीन की डोज दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नाहड़ में ग्रामीणों की कोरोना जांच करते हुए कुल 32 आरटीपीसीआर टेस्ट किए। दूसरी ओर गांव जाहिदपुर में डॉ. प्रीति के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा 45 से ज्यादा आयु वर्ग के 60 नागरिकों को वैक्सीन दी गई।