संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। धारूहेड़ा रोड पर गांव हांसाका के पास सोमवार की दोपहर कार और बस के बीच में हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों में एक दो साल का बच्चा और महिला शामिल है। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।
मृतक की पहचान गुरुग्राम के गांव पथरेड़ी निवासी कपिल के रूप में हुई है। बच्चे की हालत स्थिर है। कपिल की मां की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक ने दूसरी कार को बचाने की प्रयास में नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
कार में सवार तीन लोग रेवाड़ी से धारूहेड़ा की ओर जा रहे थे। धारूहेड़ा की तरफ से एक कंपनी के कर्मचारियों को लेकर आ रही बस की कार से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद घायलों को कार से निकाला और रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया।
ट्रॉमा सेंटर में कपिल को मृत घोषित कर दिया गया। बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क के किनारे करवाया।
प्रत्यक्षदर्शी धर्मेंद्र ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे। घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया था। प्रत्यक्षदर्शी विमला ने बताया कि घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।
वर्जन:
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान गुरुग्राम के गांव पथरेड़ी निवासी कपिल के रूप में हुई है। बच्चे की हालत ठीक है। महिला का इलाज चल रहा है। पुलिस जांच में जुट चुकी है। -राजेन्द्र सिंह, प्रभारी, थाना सदर।
.