संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में संशोधित इंटर्नशिप गाइडलाइंस के क्रियान्वयन को लेकर बैठक सोमवार को हुई। इसमें बताया गया कि स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में 4 क्रेडिट की अनिवार्य इंटर्नशिप शामिल की गई है।
निदेशक प्रो. पंकज कुमार त्यागी ने कहा कि विश्वविद्यालय ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में 4 क्रेडिट की अनिवार्य इंटर्नशिप को शामिल किया गया है। इससे विद्यार्थियों को वास्तविक कार्य अनुभव प्राप्त होगा और वे व्यावसायिक रूप से अधिक सक्षम बनेंगे।
बैठक में विश्वविद्यालय स्तर पर एक इंटर्नशिप सेल का गठन किया गया है। इसमें निदेशक, समन्वयक तथा शिक्षक इंचार्ज शामिल हैं। प्रत्येक विभाग में इंटर्नशिप सुपरवाइजर की नियुक्ति उस होस्ट संस्थान की ओर से की जाएगी जहां छात्र इंटर्नशिप करेगा।
बैठक में प्रशिक्षण एवं स्थानन अधिकारी डॉ. जेएल द्विवेदी ने सुझाव दिए। उन्होंने उद्योगों के साथ सहयोग स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक की अध्यक्षता प्रो. पंकज कुमार त्यागी ने की। बैठक में डॉ. ऋतु बजाज, इंटर्नशिप समन्वयक, विभिन्न विभागों के इंटर्नशिप प्रभारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
-
इंटर्नशिप की अवधि 4 से 6 सप्ताह की होगी
इंटर्नशिप की अवधि न्यूनतम 4 से 6 सप्ताह की होगी। यदि कोई प्रशिक्षण या कौशल आधारित पाठ्यक्रम किसी सरकारी या मान्यता प्राप्त संस्थान द्वारा संचालित हो और उसकी अवधि 120 घंटे या उससे अधिक हो, तो उसे भी इंटर्नशिप के समकक्ष मान्यता प्रदान की जाएगी। यह इंटर्नशिप 4 क्रेडिट की होगी। आवेदन, निष्पादन, रिपोर्ट प्रस्तुतीकरण एवं मूल्यांकन की प्रक्रिया आंतरिक रूप से सुव्यवस्थित होगी। इंटर्नशिप रिपोर्ट, मेंटर के प्रमाणपत्र सहित, इंटर्नशिप समाप्ति के 15 दिनों के भीतर जमा की जाएगी। आंतरिक मूल्यांकन रिपोर्ट (50 अंक) तथा प्रस्तुति (50 अंक) के माध्यम से किया जाएगा।